शशांक सक्सेना के नेतृत्व में निकलेगा किसान पैदल मार्च
सीहोर - मानसून की लंबी खेंच के चलते क्षेत्र की फसलें बर्बादी की कगार पर हैं। किसान संकट से जूझ रहा है। किसानों की समस्या और उनकी मांगों को लेकर बुधवार को जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता शशांक सक्सेना की अगुआई में जिला मुख्यालय पर किसान पैदल मार्च निकाला जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में सीहोर विधान सभा क्षेत्र के किसान शामिल होंगे। रैली सुबह दस बजे पुरानी कलेक्ट्रेट बाल विहार मैदान से आरंभ होगी। जो नगर के मुख्य मार्ग कोतवाली चौराहा से कलेक्ट्रेट पहुंचेगी जहां पर किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा।
इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता शशांक सक्सेना ने बताया कि क्षेत्र में वर्षा न होने के कारण से सोयाबीन की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, यदि यही हालात रहे तो किसान रबी की फसल की बोवनी कैसे करेंगे, यह सवाल उनकी चिंता का विषय बना हुआ है। बर्बाद फसल का उचित मुआवजा और बीमा राशि की मांग को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के किसान भाईयों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पैदल मार्च में शामिल होने की अपील की है।
No comments:
Post a Comment