हमारा संविधान दुनिया का सर्वश्रेष्ठ लिखित संविधान-कमलेश दोहरे
सीहोर। सभी देश भक्त एवं संवधिान समर्थक संगठनों के संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में संघप्रिय कमलेश दोहरे के नेत्रत्व में ग्यारह दिवसीय संविधान संदेश पदयात्रा का आयोजन कल दिनांक 26 नवम्बर से 6 दिसम्बर 2022 तक किया जा रहा है। इस सम्बंध में बुधवार को एक पत्रकार वार्ता का आयोजन रखा गया था जिसमें यात्रा के संयोजक संघप्रिय कमलेश दोहरे ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक26 नवम्बर को यह यात्रा प्रात:11 बजे गंज सीहोर स्थित बाबा साहेब अम्बेडकर पार्क से शुरु होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई जमोनिया रोड से दोराहा, अहमदपुर, चरनाल, श्यामपुर, चाँदबढ़ होते हुए पुन: नगर में 6 दिसम्बर को शाम को प्रवेश करेगी। जहाँ पर तहसील चौराहे से एक केण्डल मार्च के रूप में पुन: गंज सीहोर स्थित बाबा साहेब अम्बेडकर पार्क पहुंचेगी, जहाँ पर समापन होगा। इस सम्बंध में प्रेस वार्ता के माध्यम से अधिक जानकारी देते हुए यात्रा के मुख्य संयोजक एवं प्रभारी कमलेश दोहरे ने बताया कि भारतीय संविधान दुनिया का सर्वश्रेष्ठ लिखित संविधान है, जो भारत के सभी नागरिकों को अवसरों की समानता, सुरक्षा, अधिकार एवं न्याय प्रदान करता है। चाहे फिर व्यक्ति किसी भी धर्म या जाति का हो। दोहरे ने आगे बताया कि भारत में सभी नागरिकों को अपनी स्वेच्छानुसार धर्म एवं संस्कृति का पालन करने का पूर्ण अधिकार है। संविधान द्वारा ही देश में असमानता, लिंग भेद आदि को समाप्त किया जा सका है। इसलिए भारत के प्रत्येक नागरिक को अपने संविधान पर गर्व होना चाहिए लेकिन हमारे देश में कुछ देश विरोधी लोग देश के भोले-भाले लोगों को संविधान के प्रति दुष्प्रचार कर गुमराह करने का काम कर रहे है। आपने देखा होगा कि कई बार संविधान की प्रतियां जलाई गई है एवं संविधान बदलने को लेकर योजनाबद्ध तरीके से समय-समय पर संविधान विरोधी बयान दिये जाते है। इससे यह स्पष्ट होता है कि देश में संविधान को लेकर देशद्रोहियों द्वारा कोई बड़ा षडय़ंत्र कर जनमत तैयार किया जा रहा है ताकि संविधान को आसानी से बदला जा सके। ऐसी मुश्किल परिस्थितियों में प्रत्येक सच्चे देशभक्त नागरिक का यह दायित्व है कि सविधान को सुरक्षित रख देश की एकता, अखण्डता एवं भाईचारा बनाए रखने और मजबूत भारत का निर्माण करने के लिए संविधान की सही व्याख्या एवं सच्चाई प्रत्येक भारतीय तक पहुँचाकर जागरूकता बढ़ाना अति आवश्यक है ताकि संविधान का सही ज्ञान होने से प्रत्येक देशवासी देश विरोधी ताकतों को मुँह तोड़ जवाब दे सके। यह पदयात्रा पूरी तरह गैर राजनीतिक है, पदयात्रा में मुख्य संयोजक एवं यात्रा प्रभारी कमलेश दोहरे (संघप्रिय), पंकज शर्मा यात्रा सहसंयोजक, इन्द्रा भील यात्रा सहसंयोजक, घाटसिंह मेवाड़ा यात्रा सहसंयोजक, मनोज पाटीदार, यात्रा सहसंयोजक, शानू लाला यात्रा सहसंयोजक, नवीन भैरवे यात्रा मिडिया प्रभारी एवं अन्य ग्रमीण क्षेत्रों में व्यवस्थापक के रूप में 11 दिनों के अलग-अलग प्रभारीयों की नियुक्ती की गई है। जो इस कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करेंगे।


No comments:
Post a Comment